आजमगढ़।  शहर के सुनियोजित विकास और बढ़ती आवासीय जरूरतों को लेकर विधान परिषद में आवाज उठाई गई है। सदस्य विधान परिषद विजय बहादुर पाठक ने आजमगढ़ को नई आवासीय योजना से जोड़ने की मांग करते हुए सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है।

सदस्य विधान परिषद विजय बहादुर पाठक ने विधान परिषद में नियम 115 के तहत आजमगढ़ शहर के नए सिरे से समुचित विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रमुख सचिव विधान परिषद को पत्रक सौंपते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शहरीय विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदेश के कई जिलों में सुनियोजित शहरों का विकास और विस्तार किया जा रहा है।
पत्रक में उल्लेख किया गया है कि लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर सहित कई जिलों में नई आवासीय योजनाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। वहीं आजमगढ़ जिला भी बेहतर रोड कनेक्टिविटी के चलते तेजी से विकसित हुआ है और अब यह प्रदेश के प्रमुख आर्थिक एवं व्यापारिक केंद्रों से सीधे जुड़ चुका है।
उन्होंने बताया कि आजमगढ़ कई राष्ट्रीय राजमार्गों का प्रमुख जंक्शन है और कमिश्नरी मुख्यालय होने के कारण यहां आवासीय मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जिले की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए आजमगढ़ में भी एक सुनियोजित आवासीय परियोजना लाया जाना अत्यंत आवश्यक है।