आजमगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए जनपद भर में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें हजारों वाहनों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की गई।

सड़क सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जनपद आजमगढ़ पुलिस द्वारा पिछले 72 घंटों के दौरान यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु विशेष सघन चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जनपद भर में कुल 15,989 वाहनों की जांच की गई। जांच के उपरांत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 4,923 वाहनों का चालान किया गया, जबकि नियम विरुद्ध पाए गए 689 वाहनों को सीज किया गया।


अभियान के क्रम में गलत नंबर प्लेट लगे वाहनों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, ओवरलोडिंग तथा वैध कागजातों के अभाव जैसे गंभीर उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई की गई।

चेकिंग के साथ-साथ यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें बताया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य हैं। निर्धारित गति सीमा का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाना, मोबाइल फोन का प्रयोग न करना, ओवरलोडिंग से बचना तथा वाहन के सभी वैध कागजात साथ रखना सुरक्षित यात्रा के मूल आधार हैं। विशेष रूप से कुहासे के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई।

जनपद पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे यातायात चेकिंग व जन-जागरूकता अभियान पूरे जनपद में निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।