आजमगढ़ । जिले में मिलावटी और केमिकलयुक्त दूध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। देवगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में कृत्रिम दूध और खतरनाक केमिकल बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
शनिवार को उ0नि0 सुभाष तिवारी, प्रभारी चौकी लालगंज, पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर के प्रबंधक रजनिकान्त मिश्रा पुत्र दिनेशचन्द्र मिश्रा निवासी पुण्डरीक का पुरा, थाना पिनहट, जनपद आगरा तथा अरविन्द शर्मा पुत्र अनिल शर्मा निवासी सियाना, थाना सियाना, जनपद बुलन्दशहर द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम सोफीपुर में संतोष कुमार नामक व्यक्ति अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध तैयार कर रहा है।

सूचना के आधार पर उ0नि0 राकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रवीण दुबे, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों राजीव कुमार सिंह (एफएसओ लालगंज), शीत सिंह (एफएसओ नगर पालिका आजमगढ़), लालमणि यादव (एफएसओ आजमगढ़) तथा अनिल कुमार (खाद्य सहायक अधिकारी) को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम ने ग्राम सोफीपुर स्थित मकान में दबिश दी।
दबिश के दौरान  अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र चन्द्रपाल सिंह, निवासी गोविन्दीगढ़ी, थाना सतरौली, जनपद एटा को केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध व अन्य अपमिश्रक पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मकान मालिक प्रमोद राय पुत्र रामबचन राय मौके से फरार हो गया।

पुलिस व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से लगभग 200 लीटर कृत्रिम दूध, 100 लीटर WAY पाउडर व पानी का मिश्रण, 40 लीटर केमिकलयुक्त रिफाइंड सोयाबीन तेल, यूरिया की एक बोरी (45 किलोग्राम), 35 टिन विभिन्न केमिकल (एथनॉल, मिथेनॉल, सोडियम हाइड्रॉक्साइड सॉल्यूशन, ग्लिसरीन, मिल्क टेस्टिंग एजेंट सहित), 3 बड़े ड्रम, 4 प्लास्टिक डब्बे, एक छोटा नीला ड्रम, प्लास्टिक बाल्टी, स्टील की बड़ी टंकी, नीली पाइप तथा दूध निकालने का लोहे का हैंड पम्प बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त संतोष कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह लालच में आकर अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार करता था। दूध के टैंकर से असली दूध निकालकर उसमें कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था, जबकि निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय अपना बताकर काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर में बेच देता था।

फरार अभियुक्त प्रमोद राय की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।