आजमगढ़ । जिले में मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से एक 11 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि देवगांव कोतवाली क्षेत्र में बोलेरो की टक्कर से साइकिल सवार युवक की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के चकेरा परिसिनिया गांव निवासी 11 वर्षीय रिया कन्नौजिया, पुत्री रामनयन कन्नौजिया, रविवार दोपहर साइकिल से मेंहनाजपुर बाजार जा रही थी। वह घर से करीब 30 मीटर ही आगे बढ़ी थी कि एक अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे मेंहनाजपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव के दर्जनों लोग थाने पहुंचे और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


दूसरी घटना शनिवार शाम की है। जंहा  बरदह थाना क्षेत्र के गिड़उर गांव निवासी 40 वर्षीय रामलाल, जो मेंहनगर थाना क्षेत्र के वीरभानपुर नेवासा पर रहते थे, साइकिल से लालगंज बाजार गए थे। शाम को लौटते समय देवगांव कोतवाली क्षेत्र के भीरा मार्ग स्थित कबीरापुल के पास एक बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।