आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से लौट रही एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के महुवल गांव निवासी 22 वर्षीय उत्तम यादव उर्फ गुड्डू एंबुलेंस पर कर्मचारी के रूप में कार्य करता था। वह बुधवार को एक मरीज को लेकर लखनऊ के लोहिया अस्पताल गया था। गुरुवार की सुबह मरीज को अस्पताल में छोड़ने के बाद एंबुलेंस वापस गोरखपुर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर फुलवरिया के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार उत्तम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नुरूद्दीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय अनिल यादव तथा 29 वर्षीय राजेश यादव घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।