
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र के सरायमीर में खेरवा मोड़ से दीदारगंज की ओर जाने वाली सड़क की बदहाल हालत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश के बाद उनमें जमा पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खेरवा मोड़ से दीदारगंज की ओर जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिसके चलते दोपहिया और चार पहिया वाहनों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
लोगों का दावा है कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। कुछ दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
अस्पताल के पास जाम से बढ़ रही परेशानी
सड़क किनारे स्थित एक अस्पताल के आसपास भी लोगों को जाम और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अस्पताल में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों और तीमारदारों के वाहन सड़क के किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। ऐसे में पहले से ही जर्जर और गड्ढों वाली सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के गड्ढों, जलभराव और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण इस स्थान पर कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत और आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।
चुनाव से पहले सड़क को लेकर बढ़ा आक्रोश
विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश भी सामने आने लगा है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की बातें होती हैं, लेकिन लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई तो वे आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार कर अपने आक्रोश का इजहार करेंगे।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि स्थानीय लोगों की इस समस्या का संज्ञान लेते हैं और सड़क की मरम्मत कराते हैं या फिर खेरवा मोड़ की यह बदहाल सड़क यूं ही लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बनी रहती है।
