रिपोर्ट_____अरुण यादव 

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर सोमवार को एक लड़की द्वारा पिस्टल से फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो को सिधारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म व्हाट्सएप पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक लड़की हाथ में पिस्टल लिए फायरिंग करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद मामले की जांच के निर्देश दिए गए।

एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक महिला के फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वीडियो सिधारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिधारी थाना प्रभारी को वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही महिला की पहचान सहित पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में वीडियो की वास्तविकता, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार और वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हर्ष फायरिंग पर पुलिस की नजर

गौरतलब है कि आजमगढ़ में हर्ष फायरिंग और हथियारों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा पूर्व में भी हथियारों के लाइसेंस निलंबित करने और अन्य कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग के वीडियो सामने आ रहे हैं।

अब वायरल हुए इस वीडियो की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि फायरिंग कब और किस स्थान पर की गई थी तथा पिस्टल किसके नाम पर है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।