रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर विवाह समारोह में जा रहे युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना समौधी तिराहे के पास की है, जहां आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

बुधवार को वादी अतुल कुमार जायसवाल पुत्र अरविन्द जायसवाल निवासी पुरा दीवान गल्ला मंडी, थाना मुबारकपुर ने तहरीर देकर बताया कि 10 फरवरी की रात लगभग 11 बजे वह विवाह समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान समौधी तिराहे रोडवेज के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपीगण ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडा व रम्बा से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी मारपीट कर घायल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में  नामजद व अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
गुरुवार को उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र मय हमराह वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त आशीष यादव पुत्र रामसूरत यादव उर्फ सूरत यादव निवासी मोहल्ला पुरा खिजिर, कस्बा मुबारकपुर  को रामलीला मैदान मुबारकपुर से  गिरफ्तार कर लिया गया।