रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार एक युवक के खाते से कटे ₹40,108 रुपये पुलिस की तत्परता से वापस कराए गए। साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।
शहर कोतवाली के मिल्लतनगर निवासी मोहम्मद फहीम के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों द्वारा ₹40,108 रुपये बिना जानकारी के निकाल लिए गए थे। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क टीम सक्रिय हुई और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की।
इस कार्रवाई में उ0नि0 रवि प्रकाश गौतम, का0 नीरज कुमार व का0 अभय सिंह की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, जिससे धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
