आजमगढ़।  जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर टेंपो पलट गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमसर पेट्रोल पंप के पास करीब सवा बारह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में टेंपो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
टेंपो के नीचे दबने से फरास टोला, शहर कोतवाली निवासी संदीप प्रजापति (40) और छेदी प्रजापति (55) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अमन (22), गुड्डू (40) और टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग शहर कोतवाली क्षेत्र के फरास टोला निवासी सरस्वती (84) के दाह-संस्कार के लिए मऊ जनपद के दोहरीघाट गए थे। अंतिम संस्कार के बाद वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
जीयनपुर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।