आजमगढ़। नगर के अठवरिया मैदान में रविवार को भक्ति और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिला। श्री श्याम महोत्सव में देश-विदेश से आए प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपने मधुर गीतों से माहौल भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम की भक्ति में लीन होकर आनंद उठाया। कार्यक्रम में अठवरिया मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और सभी ने विधिवत ज्योति प्रज्वलित की। मधुर भजनों, नृत्य और भंडारे के साथ यह आयोजन भक्ति और उल्लास का प्रतीक बन गया।
अठवरिया मैदान में श्री श्याम महोत्सव का आयोजन श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल की ओर से किया गया। इस अवसर पर नारायणी भजन संध्या एवं श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ का विशेष सहयोग रहा। देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
जयपुर से पधारी सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी और उड़ीसा से आई शुभांगी सोनी ने “सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है” सहित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। रजनी राजस्थानी ने ‘हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है’ और ‘दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से’ जैसे भजनों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। अठवरिया मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और सभी ने विधिवत बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलित कर अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर आयोजकों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, डीएवी के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह ‘भोला’, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, सीओ शुभम तोदी, और कई अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
