आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह मोड़ पर रविवार को एक दबंग युवक ने सब्जी व किराना विक्रेता की दुकान को निशाना बनाकर  ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गनीमत रही कि दुकानदार बाल-बाल बच गया। इस घटना में पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह गांव निवासी सोनू मध्देशिया पुत्र रामाश्रय शाह गांव में ही किराना व सब्जी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के ही राणा सिंह पुत्र दुर्गविजय सिंह लगभग छह माह पहले भी उनकी दुकान पर आकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे चुका था। उस समय उन्होंने विवाद से बचने के लिए कोई शिकायत नहीं की थी। आरोप है कि रविवार की शाम को एक बार फिर राणा सिंह पुरानी रंजिश को लेकर उनकी दुकान पर पहुंचा और भद्दी गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से अपने हाथ में लिए कट्टे से उन पर फायर झोंक दिया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर घर की ओर भागे। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके पीछे दो और फायर किए। हालांकि वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।