अतरौलिया/ आजमगढ़। राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया में सोमवार को चार दिवसीय महोत्सव ज्ञानोत्सव–2026 का भव्य समापन हुआ। इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से उन्नत भारत अभियान पर केंद्रित रहा, जिसमें तकनीकी शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण विकास और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
13 से 16 फरवरी तक चलने वाले ज्ञानोत्सव–2026 में शैक्षणिक, तकनीकी, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को नवाचार और तकनीकी दक्षता के माध्यम से ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के वरिष्ठ नेता रामाकांत मिश्रा, आरसीआई और आईआईटी बीएचयू से जुड़े शिक्षाविद् डॉ. शिशिर गौर, प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार सिंह और मलेशिया स्थित क्योर वेंचर्स लिमिटेड के चेयरमैन राज प्रताप सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम प्रधान और समाजसेवी भी उपस्थित रहे।
AICCEDS के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी। संस्थान के निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा को समाज से जोड़ने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर संस्थान के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय प्रो. बजरंग त्रिपाठी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को याद किया।
महोत्सव में “मेरा भारत–मेरा गाँव” विषय पर फोटो और पोस्टर प्रतियोगिता, ग्रामीण पहचान पर पेंटिंग कार्यशाला, तकनीकी प्रदर्शन शिविर, ग्राम सर्वेक्षण परियोजनाएं और छात्र-नेतृत्व में ग्रामीण नवाचार प्रदर्शनी आयोजित की गई। तकनीकी प्रतियोगिताओं, प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, खेल स्पर्धाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया।
समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आयोजन का सफल संचालन निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह के नेतृत्व में हुआ। उन्नत भारत अभियान के प्रमुख एवं इवेंट हेड आर. जायसवाल, इवेंट प्रभारी ई. ज्योति त्रिपाठी, शिक्षकगण और विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की गई।
