रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में गोवध निवारण अधिनियम और संगठित अपराध से जुड़े एक गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महराजगंज थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई।
थाना महराजगंज की पुलिस ने रविवार को गोवध निवारण अधिनियम और संगठित अपराध में लिप्त गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उ0प्र0 गिरोह बन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के अंतर्गत की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सिद्धार्थ उर्फ मिट्ठू नोना पुत्र हरिहर नोना, निवासी कोलमोदीपुर थाना महराजगंज तथा राजू यादव पुत्र लल्लन, निवासी त्रिपुरारपुर खालसा थाना महराजगंज शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें भैरोदासपुर पुलिया से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त सिद्धार्थ उर्फ मिट्ठू नोना एक शातिर अपराधी है, जिसने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए गोवध जैसे गंभीर अपराध किए। इनके कृत्यों से लोक व्यवस्था प्रभावित हुई और आमजन में भय व आतंक का माहौल बना। गिरोह की सक्रियता जनपद स्तर पर पाई गई, जिसके बाद गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ से अनुमोदन प्राप्त किया गया। दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज है ।
