आज़मगढ़ । जिले के मेंहनगर। थाना क्षेत्र के शेर्रा गांव में शनिवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कम्हरिया-इटौरा मार्ग जाम कर दिया, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। शेर्रा गांव निवासी 58 वर्षीय इन्द्राज चौहान शनिवार सुबह ही रोजी-रोटी के सिलसिले में आसाम से घर लौटे थे। शाम करीब 6:30 बजे वह साइकिल से खरिहानी बाजार से वापस अपने गांव आ रहे थे। जैसे ही वह गांव की सड़क पर मुड़ने लगे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने शाम करीब 7 बजे कम्हरिया-इटौरा मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए ग्रामीणों से वार्ता की गई। करीब डेढ़ घंटे बाद रात 8:30 बजे पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इस दौरान तरवां थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।मृतक इन्द्राज चौहान परिवार के भरण-पोषण के लिए आसाम में रहते थे और शनिवार सुबह ही घर लौटे थे। उनके परिवार में पत्नी पार्वती, एक मंदबुद्धि पुत्र और स्नातक की पढ़ाई कर रही एक पुत्री है।