
रिपोर्ट___SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। लहबरिया बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के देहदुवार गांव निवासी शर्मिला गुप्ता, पत्नी विनय गुप्ता, सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से मायके रानी की सराय जा रही थीं। जैसे ही वह लहबरिया बाजार पहुंचीं, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और तेजी से ओवरटेक करते हुए फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने 1076 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और थाना गंभीरपुर पहुंचकर लिखित तहरीर दी। वहीं इस पूरे मामले में थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं ।
