रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण से जुड़ी बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य करने वाली कंपनी डायनका इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (अहमदाबाद) को 11.71 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी के मामले में नोटिस जारी किया गया है।जीएसटी विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि कंपनी ने वर्ष 2022-23 में उत्तर प्रदेश में पंजीकरण कर विश्वविद्यालय के निर्माण का ठेका लिया था और करीब 108 करोड़ रुपये का कार्य किया, लेकिन देय जीएसटी जमा नहीं किया। असिस्टेंट कमिश्नर मैनेजर चौरसिया और निधि श्रीवास्तव ने जीएसटी पोर्टल पर कंपनी के अभिलेखों की जांच के दौरान इस गड़बड़ी को पकड़ा। अधिकारियों के अनुसार, कंपनी ने काम तो पूरा किया, लेकिन संबंधित टैक्स जमा नहीं कराया, जिससे 11.71 करोड़ रुपये की चोरी सामने आई। विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। बताया गया कि कंपनी के डायरेक्टर बुलंदशहर के निवासी हैं और कंपनी का पंजीकरण अहमदाबाद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी कराया गया था। फिलहाल कंपनी मेरठ और हाथरस समेत अन्य जिलों में भी पीडब्ल्यूडी के कार्य कर रही है।