रिपोर्ट____अरुण यादव 

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में विवादित भूमि पर चहारदीवारी तोड़ने, उपद्रव करने और धार्मिक भावना भड़काने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में पांच महिलाएं और एक युवक शामिल हैं। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक ग्राम शेखूपुर निवासी बदिउज्जमा पुत्र शब्बीर ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी गाटा संख्या 36/0.015 हेक्टेयर भूमि की राजस्व विभाग द्वारा 4 मई 2026 को पैमाइश कर पत्थरनस्बी की गई थी। समाधान दिवस पर धारा-24 के तहत हुई पैमाइश के बाद वह अपनी भूमि पर चहारदीवारी बनवा रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर निर्माणाधीन चहारदीवारी को तोड़ दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वादी ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से सूअर का कटा सिर और अन्य अंग भी मौके पर फेंक दिए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इस मामले में थाना बिलरियागंज पर मु0अ0सं0 113/2026 के तहत धारा 3(5), 196, 352, 351(3), 326(ई) और 324(4) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम जैगहा में दबिश दी। पुलिस टीम जब आरोपितों के घर पहुंची तो उन्हें धारा 35(3) बीएनएसएस की नोटिस तामील कराने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपितों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया और नाम-पता बताने में भी आनाकानी की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में सुरजी देवी, रीता देवी, मनीषा, रेनू, आरती और मुकेश यादव शामिल हैं। सभी ग्राम जैगहा थाना बिलरियागंज के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तारी कार्रवाई में उपनिरीक्षक इसरार अहमद, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव समेत पुलिस टीम के अन्य जवान मौजूद रहे।