
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के टेंगरपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। खेत की जुताई कर घर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार टेंगरपुर गांव निवासी हरिराम सरोज (55) रविवार सुबह अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने गए थे। खेत का काम समाप्त करने के बाद वह ट्रैक्टर लेकर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि हरिराम ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में घायल किसान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा मितलू सरोज ने बताया कि हरिराम खेती और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। घटना की सूचना मिलने पर रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
