रिपोर्ट____अरुण यादव 

आजमगढ़। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के पलिया अदायी गांव के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर बीबीगंज गांव निवासी नीरज यादव पुत्र स्वर्गीय त्रिभुवन यादव 10 मई की रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से पालिया बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पलिया अदायी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लाइफ लाइन हॉस्पिटल आजमगढ़ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान 12 मई की रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। मृतक नीरज यादव लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) आजमगढ़ में लिपिक पद पर कार्यरत थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी नीतू यादव, दो पुत्र आरुष यादव (13 वर्ष) व अनमोल (10 वर्ष) तथा एक पुत्री पीहू हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी नीतू यादव ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पूरे मामले में थानाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।