
रिपोर्ट ____शिवाजी सिंह
आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पिछले छह वर्षों से चल रहे प्रेम संबंध को आखिरकार मंजिल मिल गई। परिजनों की सहमति और पुलिस व ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमी युगल ने सोमवार देर शाम प्राचीन चितारेश्वर मंदिर में शादी रचा ली। विवाह के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।
वहीं मिली जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के उवारसेपुर निवासी बिक्की गौतम पुत्र राजेश का फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जाफरपुर निवासी पूजा कुमारी पुत्री मूलचंद से करीब छह वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि पूजा कुमारी का ननिहाल उवारसेपुर गांव में है और वह बचपन से वहीं रहती थीं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया। मामला उस समय सामने आया जब पूजा कुमारी ने रविवार को जनसुनवाई के दौरान प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बिक्की कुमार अब शादी से इंकार कर रहा है। इसके बाद दीदारगंज पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई।
थाना प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान और अन्य संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद प्रेमी युगल ने स्थानीय तहसील क्षेत्र के चितारा महमूदपुर स्थित प्राचीन चितारेश्वर मंदिर में विवाह कर लिया। उन्होंने बताया कि दोनों बालिग हैं, इसलिए पुलिस को किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है।
वहीं ग्राम प्रतिनिधि प्रभुवन कुमार, अशोक कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और परिवार की सहमति से विवाह संपन्न हुआ है।
