लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह मात्र 38 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास से उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्रा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रतीक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त की थी। हालांकि वह राजनीति से दूर रहे और बिजनेस की दुनिया में सक्रिय थे।

प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े थे। वह लखनऊ में “द फिटनेस प्लानेट” नाम से जिम संचालित करते थे। इसके अलावा उन्होंने “जीव आश्रय” संस्था की स्थापना भी की थी, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू का कार्य करती थी।

उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों का आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।