रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। रानी की सराय ब्लॉक स्थित पंचायत कार्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संदीप ज्ञान वर्मा ने प्रधान संघ अध्यक्ष सहित कुछ लोगों पर कार्यालय में जबरन घुसकर अभद्रता, गाली-गलौज और तालाबंदी करने का आरोप लगाया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संदीप ज्ञान वर्मा के अनुसार, वह पंचायत कार्यालय में ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। इसी दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष नैय्यर आजम अपने कुछ समर्थकों के साथ कार्यालय में पहुंचे और बिना अनुमति अंदर प्रवेश कर गए। आरोप है कि उन्होंने बैठक के दौरान हंगामा शुरू कर दिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की।

एडीओ पंचायत का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद कार्यालय में ताला लगा दिया गया, जिससे सरकारी कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कार्यालय कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक कामकाज प्रभावित रहा। घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने तथा तालाबंदी समाप्त कराकर सामान्य व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर, थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामला भुगतान को लेकर प्रधान संघ और एडीओ पंचायत के बीच हुए विवाद से जुड़ा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच फिलहाल समझौता करा दिया गया है और स्थिति सामान्य है। हालांकि मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।