रिपोर्ट_____आजमगढ़।

जिले के बरदह बाजार में अतिक्रमण और लगातार लगने वाले जाम से आमजन का जीना मुश्किल हो गया है। जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्र में आए दिन वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। हालत यह है कि कई बार सड़क पर घंटों तक जाम लगा रहता है और एंबुलेंस समेत अन्य आपातकालीन वाहन भी उसमें फंस जाते हैं।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार की पटरियों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। हाईवे से मार्टिनगंज मार्ग की ओर मुड़ने वाले वाहनों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। भीड़भाड़ और अव्यवस्थित यातायात के चलते वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर सताता रहता है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से जेसीबी मशीन लगाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। बाजार में फिर से अतिक्रमण बढ़ने से जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने और स्थायी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इस दौरान मनीष राय, आलोक तिवारी, आदित्य तिवारी, मुन्ना विश्वकर्मा, विवेक तिवारी, विशाल तिवारी और रिंकू सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं इस मामले में सीओ भूपेश पांडेय ने कहा कि बरदह, भीरा, गोडहरा, ठेकमा, राजगंज, लालगंज और मार्टिनगंज क्षेत्र के प्रमुख चौराहों को जाम मुक्त कराने के लिए जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। जल्द ही अतिक्रमण हटाकर आम जनता को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।अरुण यादव