
रिपोर्ट______SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिला महिला चिकित्सालय आजमगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह के सौजन्य से सभी नर्सिंग ऑफिसर्स, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर्स एवं स्टाफ नर्सों ने केक काटकर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के जीवन और आदर्शों को स्मरण करते हुए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने संकल्प लिया कि वे “लेडी विद द लैम्प” के नाम से प्रसिद्ध फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के आदर्शों पर चलते हुए प्रत्येक मरीज को समर्पण भाव से बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे। साथ ही मरीजों की गोपनीयता बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में सेवा कार्य बाधित न होने देने का भी संकल्प लिया गया। गोष्ठी का संचालन चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.डी. सिंह यादव ने किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि फ्लोरेन्स नाइटिंगेल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का प्रतीक हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा कर दुनिया के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान फ्लोरेन्स नाइटिंगेल हाथ में लैम्प लेकर घायल सैनिकों की सेवा करती थीं, इसी कारण उन्हें “लेडी विद द लैम्प” कहा जाता है। डॉ. सिंह ने कहा कि जिला महिला चिकित्सालय लगातार मरीजों की सेवा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है और शासन की मंशा के अनुरूप वैज्ञानिक तरीके से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम तत्पर है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों का जीवन मानवता की सेवा के लिए समर्पित होना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. ज्योत्सना द्विवेदी, छाया राय, विमला कलवार, स्मिता राय सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर्स, नर्सिंग ऑफिसर्स, स्टाफ नर्स एवं चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया। अंत में नर्सिंग ऑफिसर शकुंतला यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के समापन पर समूह फोटोग्राफी भी कराई गई, जिसे स्मृति स्वरूप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कक्ष में लगाया गया।
