रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर विकास खण्ड बिलरियागंज, तहसील सगड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न परिवहन की जांच के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। ब्लॉक गोदाम बिलरियागंज से जुड़े सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार के ट्रक की जांच में निर्धारित मात्रा से 7.50 कुंतल गेहूं कम पाया गया, जिसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP 93 T 4551 को बिलरियागंज विकास खण्ड के दुल्लहपार अंडरपास के पास रोका गया। मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह, उपजिलाधिकारी सगड़ी तथा संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जांच के दौरान पता चला कि ट्रक में कुल 09 विक्रेताओं के लिए एफसीआई चकवल से गेहूं लोड किया गया था। इनमें से 07 विक्रेताओं का गेहूं पहले ही उतारा जा चुका था, जबकि दो विक्रेताओं का खाद्यान्न उतारा जाना बाकी था। अभिलेखों के अनुसार ट्रक में लगभग 36 कुंतल (72 बोरी) गेहूं होना चाहिए था, लेकिन निरीक्षण के समय केवल 28.50 कुंतल (57 बोरी) गेहूं ही पाया गया।

इस प्रकार ट्रक में निर्धारित मात्रा से 7.50 कुंतल गेहूं कम मिला। मामले को गंभीर मानते हुए पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना कंधरापुर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा खाद्यान्न वितरण प्रणाली में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।