रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। कोटिला चेक पोस्ट स्थित आज़मगढ़ पब्लिक स्कूल में सीबीएसई बोर्ड 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया। छात्रा हाजरा नफीस ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं रिया राज ने 95 प्रतिशत, अर्शी आज़मी एवं दीक्षा यादव ने 94-94 प्रतिशत, ज़िक्रा फिरोज, अफीफा अराफात एवं नश्रा बानो ने 93-93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा ईमान फातिमा ने 92 प्रतिशत तथा मरयम नोमान, शिवम यादव एवं नूरसबा अंसारी ने 91-91 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह का माहौल उत्साह, गर्व और उल्लास से भरा रहा।

विद्यालय के प्रबंधक सी ए मोहम्मद नोमान ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि इसमें अभिभावकों के मार्गदर्शन और शिक्षकों के समर्पण की भी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपल पंड्या ने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।