
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज विकास खंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन ठेकेदार, उसके प्रतिनिधि, ट्रक चालक तथा एक उचित दर विक्रेता सहित कुल चार लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना कंधरापुर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार विकास खंड बिलरियागंज क्षेत्र में सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के तहत एफसीआई चकवल से खाद्यान्न लेकर जा रहे ट्रक संख्या UP 93 T 4551 को दुल्लहपार अंडरपास के पास रोका गया। मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी, उपजिलाधिकारी सगड़ी तथा संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मौजूद रहे।
जांच में पाया गया कि ट्रक में कुल 9 उचित दर विक्रेताओं के लिए गेहूं लोड किया गया था। इनमें से 7 विक्रेताओं का खाद्यान्न पहले ही उतारा जा चुका था, जबकि शेष दो विक्रेताओं के लिए लगभग 36 कुंतल (72 बोरी) गेहूं ट्रक में होना चाहिए था। लेकिन जांच के दौरान ट्रक में केवल 28.50 कुंतल (57 बोरी) गेहूं ही मिला। इस प्रकार ट्रक में 7.50 कुंतल गेहूं कम पाया गया।
इस मामले में पूर्ति निरीक्षक बिलरियागंज द्वारा जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद परिवहन एवं हैंडलिंग ठेकेदार भीमसेन यादव, उनके प्रतिनिधि मनबोध यादव तथा ट्रक चालक अनिल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसी दौरान ट्रक में लदा खाद्यान्न उचित दर विक्रेता योगेश कुमार की दुकान पर उतारने के लिए ग्राम पंचायत मिरिया रेहड़ा स्थित मनरेगा अन्नपूर्णा भवन लाया गया। दुकान खुलवाकर जांच की गई तो स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई।
जांच में पाया गया कि दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न एवं जून 2026 के उठान को मिलाकर कुल 6.38 कुंतल गेहूं और 87.81 कुंतल चावल मौजूद होना चाहिए था, जबकि मौके पर केवल 3 कुंतल चावल और 1 कुंतल गेहूं ही मिला। इस प्रकार दुकान में कुल 90.19 कुंतल खाद्यान्न कम पाया गया। प्रशासन ने इसे उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु (विक्रय एवं वितरण नियंत्रण) आदेश 2016 का गंभीर उल्लंघन मानते हुए उचित दर विक्रेता योगेश कुमार के विरुद्ध भी आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत थाना कंधरापुर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
