
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी देखने को मिली। कई पंपों पर पेट्रोल और डीजल पूरी तरह खत्म हो गया, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध रहा वहां वाहन चालकों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से ही बाइक, कार और अन्य वाहनों के साथ लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
ईंधन संकट का असर परिवहन व्यवस्था और दैनिक जीवन पर भी साफ दिखाई दिया। स्कूली वाहन, टैक्सी चालक और माल ढुलाई करने वाले वाहन संचालक सबसे अधिक परेशान नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर रही, जहां कई पेट्रोल पंप संचालकों ने सप्लाई न मिलने की बात कही। लोगों को पेट्रोल-डीजल के लिए कई किलोमीटर दूर दूसरे पंपों का रुख करना पड़ा। कई जगह लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
अहरौला क्षेत्र के चार पेट्रोल पंप बंद
अहरौला क्षेत्र के रेहड़ा, युधिष्ठिर पट्टी, बस्ती भुजवल और मतलूबपुर स्थित पेट्रोल पंपों पर बृहस्पतिवार दोपहर से ही पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया। वाहन चालकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इसके चलते जिन पंपों पर थोड़ा बहुत ईंधन उपलब्ध था, वहां लंबी कतारें लग गईं।
पक्खनपुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के संचालक अभिषेक जायसवाल ‘मिंटू’ ने बताया कि कंपनी की मशीन सुबह छह बजे से दस बजे तक ही चल पाई। डीजल पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि पेट्रोल भी खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि ऊपर से ही तेल की आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है।
अतरौलिया में पेट्रोल खत्म, डीजल सीमित
अतरौलिया क्षेत्र के पटेल चौक, सिकंदरपुर, छितौनी और मदियापार मोड़ स्थित पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल-डीजल खत्म होने की सूचना मिली। महरुपुर स्थित पंप पर डीजल उपलब्ध था लेकिन पेट्रोल नहीं मिला।
पेट्रोल पंप संचालक कीर्ति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि डीजल उपलब्ध है लेकिन पेट्रोल की सप्लाई नहीं पहुंची है, जिसके शुक्रवार तक आने की उम्मीद है। वहीं पटेल चौक स्थित पंप संचालक पंकज जायसवाल ने बताया कि डिमांड भेज दी गई है, लेकिन ऊपर से आपूर्ति बाधित होने के कारण दिक्कत हो रही है।
सिधारी और बरदह क्षेत्र में भी बढ़ी परेशानी
चक्रपानपुर और सिधारी थाने के सामने स्थित पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल-डीजल खत्म होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बरदह, जिउली और सरायमोहन स्थित पंपों पर भी ईंधन खत्म होने से वाहन चालकों को इधर-उधर भटकना पड़ा।
डीएसओ बोलीं- मामले की कराई जा रही जांच
पूरे मामले पर जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा सिंह ने कहा कि अभी तक जिले में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति बाधित होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं ऐसी समस्या सामने आई है तो इसकी जांच कराई जा रही है।
