
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार ट्रक में फंसकर करीब एक किलोमीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार सवार दंपती समेत पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस, एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी शुभम तोदी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान बिहार के सिवान जिले के सिसवन निवासी मनीष श्रीवास्तव (38), उनकी पत्नी कंचन श्रीवास्तव (35), बेटी अदिति (16), आस्था (14) और 15 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार कार से यात्रा पर निकला था।
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब कार पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238/239 माइल स्टोन के पास पहुंची। आशंका जताई जा रही है कि चालक को अचानक झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक कार ट्रक में पीछे से फंस गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।
वहीं एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के सिवान जनपद के रहने वाले परिवार के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव और परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सिवान से आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है।
