
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के रमौपुर गांव में शुक्रवार रात एक 20 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान साक्षी कन्नौजिया पुत्री सुरेश कन्नौजिया के रूप में हुई है। वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ मीडिया क्षेत्र में भी कार्य कर रही थी। परिजनों के अनुसार साक्षी 14 मई को परीक्षा देकर घर लौटी थी। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन श्वेता और छोटे भाई अजीत का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सुमित्रा देवी समेत पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने बताया कि साक्षी को पिछले कुछ दिनों से पेट दर्द की शिकायत थी, जिसके लिए दवा भी दिलाई गई थी। शुक्रवार रात वह अपने कमरे में सोने चली गई। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। खिड़की तोड़कर अंदर पहुंचे तो उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता मिला। बड़ी बहन श्वेता ने बताया कि साक्षी पढ़ाई में अच्छी थी और पत्रकारिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहती थी। उसकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
थानाध्यक्ष दीदारगंज जयप्रकाश ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
