
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के कलेक्ट्रेट बार परिसर में शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र “तूफान” की स्मृति में निर्मित आधुनिक पुस्तकालय कक्ष का भव्य लोकार्पण किया गया। पुस्तकालय का उद्घाटन उनके बड़े भतीजे अनिल मिश्रा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बार परिसर में अधिवक्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही और पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुक व गौरवपूर्ण बना रहा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक और मंत्री रणधीर सिंह ने बताया कि स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र के निधन के बाद उनके परिवार ने आपदा राहत कोष के पांच लाख रुपये बार एसोसिएशन को प्रदान किए थे। उसी धनराशि से अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए आधुनिक पुस्तकालय कक्ष का निर्माण कराया गया है। अधिवक्ताओं ने स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र को याद करते हुए कहा कि वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व थे। उन्होंने न सिर्फ अधिवक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई, बल्कि एक प्रखर वक्ता, निर्भीक पत्रकार और समाजसेवी के रूप में भी समाज में सम्मान हासिल किया। बार एसोसिएशन में मंत्री पद समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने अधिवक्ताओं के हित में उल्लेखनीय कार्य किए। लोकार्पण समारोह के बाद कलेक्ट्रेट बार सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र के परिजनों अनिल कुमार मिश्रा, अवनींद्र कुमार मिश्रा और प्रमोद कुमार मिश्रा को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मिशन हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अशोक सिंह का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने बार एसोसिएशन को एक फोटो कॉपी मशीन भेंट कर सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एल्डर कमेटी के चेयरमैन श्रीराम त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन मंत्री रणधीर सिंह ने किया। इस दौरान सेन्ट्रल बार एसोसिएशन एवं दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
