
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के रहमनिया मोड़ के पास शनिवार को एक ई-रिक्शा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि चांदपट्टी फतेहपुर गांव निवासी आशीष कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय मंगरु प्रसाद अपने भांजे आर्यन कुमार (18) पुत्र चंदन राम निवासी देवारा कदीम थाना महराजगंज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रहमनिया मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वहीं हादसे में आशीष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आर्यन कुमार को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
वहीं हादसे में ई-रिक्शा चालक मोती राम पुत्र देवनरायन राम निवासी मार्हा कर्मनाथपट्टी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक आशीष कुमार की माता लालमुनी देवी ने रौनापार थाने में तहरीर देकर ई-रिक्शा चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
