रिपोर्ट____बजरंगी विश्वकर्मा

आजमगढ़। जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार मोलनापुर गांव निवासी राम शब्द यादव (55) पुत्र स्वर्गीय पूना यादव रविवार सुबह करीब 4 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बरहरडीह स्थित शारदा सहाय नहर में वह अचानक डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 6212 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय थाना पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर महाराजगंज थाना प्रभारी मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के परिजन ओम प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।