। रिर्पोट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया पर इन दिनों युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ युवक नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ वीडियो में चार पहिया वाहनों पर युवक खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि कई युवक चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर लटकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वायरल वीडियो में एक युवक बाइक का अगला पहिया उठाकर हाईवे पर काफी दूर तक बाइक दौड़ाता दिखाई दे रहा है। स्टंट के दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजरते नजर आ रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। वहीं दूसरे वीडियो में मॉडीफाई साइलेंसर लगी बाइक से आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं, जो यातायात नियमों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का भी खुला उल्लंघन है। इसी क्रम में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में काले रंग की कई चार पहिया गाड़ियां दिखाई दे रही हैं। कुछ वाहनों पर सत्ताधारी दल के स्टीकर भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकले हुए हैं, जबकि एक अन्य वीडियो में कुछ युवक कार की छत पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस संबंधित युवकों की पहचान में जुट गई है। वहीं इस पूरे मामले में सीओ सिटी शुभम तोदी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
