
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में भंवरनाथ-नरौली चौड़ीकरण मार्ग पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस निर्माणाधीन डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना तेज था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर कई स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि बस चालक को निर्माणाधीन डिवाइडर समय रहते दिखाई नहीं दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भंवरनाथ-नरौली मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर रात के समय बिना संकेतक और बैरिकेडिंग के निर्माणाधीन हिस्से वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माणाधीन डिवाइडरों और मोड़ों पर तत्काल रिफ्लेक्टर, रेडियम संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते मार्ग की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे सके और भविष्य में होने वाले बड़े हादसों को रोका जा सके। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा मानकों को जल्द मजबूत नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
