रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर रजमों गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रानीपुर रजमों निवासी सूरज मोदनवाल का अपने पाटीदार गोलू मोदनवाल से ग्राहकों को बुलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। मृतक के पुत्र अनुज मोदनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोसी गोलू पुत्र शिवलाल मोदनवाल समेत अन्य लोगों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उनके पिता सूरज मोदनवाल पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सूरज मोदनवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह जारी प्रेस विज्ञप्ति में क्षेत्राधिकारी सगड़ी आस्था जायसवाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।