रिपोर्ट____शिवा सिंह
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन गांव में मछली पालन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पोखरे में मछली डालने वाले युवक ने गांव के ही 15 नामजद समेत कई लोगों पर मारपीट, तोड़फोड़, जाल व पाइप उखाड़ने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सराय मोहन निवासी उमेश सरोज पुत्र स्व. फिरत सरोज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने भानुका बरनवाल के पोखरे में मछली पालन किया था और सुरक्षा के मद्देनजर वहां सीसी कैमरा भी लगवाया था। आरोप है कि 19 मई 2026 की रात करीब 8 बजे गांव के अरविंद, रामेश्वर, प्रेम, प्रद्युम्न, शनि, रामजीत, मेवा, मोहन, अखिलेश, धर्मेंद्र, दिवाकर, सोनू, मुकेश यादव, भोला, संजू, लाल बहादुर समेत अन्य लोग एकराय होकर पोखरे पर पहुंचे और वहां लगे सीसी कैमरे तोड़ने लगे। पीड़ित के मुताबिक विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर और उनके भाइयों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में कई लोगों को चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं उमेश सरोज ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पोखरे से मछलियां निकाल लीं, लगभग 40 हजार रुपये कीमत का जाल उठा ले गए और पानी भरने के लिए लगाया गया करीब 50 किलो का प्लास्टिक पाइप भी उखाड़ लिया। घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का दावा किया गया है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है, जबकि घटना से जुड़ा एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। बरदह थाना अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
