रिपोर्ट___आशीष कुमार निषाद

आजमगढ़। जिले में बुधवार दोपहर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग आजमगढ़ मंडल के अपर निदेशक विजय कुमार सिंह ने अमर शहीद राजा जयलाल सिंह सौ शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय, अतरौलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। वहीं निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने मरीजों को वितरित की जा रही निशुल्क दवाओं के स्टॉक एवं ईडीएल (आवश्यक दवा सूची) की भी विस्तार से जांच की। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे वाटर कूलरों की व्यवस्था का निरीक्षण कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। अपर निदेशक ने अस्पताल में बनाए गए छह बेड के हीट वेव वार्ड का भी निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके अतिरिक्त मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य एवं मानसिक राहत के उद्देश्य से स्थापित पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं म्यूजिक थेरेपी सिस्टम का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में लगे कूलर, पंखे और एसी की व्यवस्था को भी देखा, जो सुचारु रूप से संचालित मिलीं। अपर निदेशक विजय कुमार सिंह ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं तथा सभी डॉक्टर समय से ओपीडी में बैठकर मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में ईडीएल की कोई दवा उपलब्ध नहीं है तो मरीजों को जन औषधि केंद्र से दवा लेने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा को निर्देश दिया कि इन व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। अस्पताल के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अपर निदेशक विजय कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा एवं अस्पताल प्रशासन को बधाई भी दी।