
रिपोर्ट___शिव सिंह
आजमगढ़। जिले के मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव स्थित ग्राम सभा के तालाब में कथित रूप से लंबे समय से अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी (SDM) को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सभा के तालाब की गाटा संख्या 1174ग, जिसका रकबा करीब 150 बीघा बताया जा रहा है, से लगातार मिट्टी की खुदाई की जा रही है। आरोप है कि गांव के ही विवेकानंद राय तथा कुछ पट्टाधारक स्थानीय पुलिस-प्रशासन की कथित मिलीभगत से रात करीब 8 बजे के बाद दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर मशीन लगाकर तालाब से मिट्टी निकलवा रहे हैं। इसके बाद मिट्टी को आसपास के गांवों में बेचा जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अब तक हजारों ट्रॉली मिट्टी बेची जा चुकी है, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ताओं आदित्य राय, आशुतोष, पंचम, शत्रुविजय, हंसू कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर बताया कि मामले की शिकायत पहले भी थाना बरदह और तहसील प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की निष्क्रियता के चलते खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं और रात के समय लगातार अवैध खनन जारी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मार्टिनगंज एसडीएम दिव्या सिकरवार ने नायब तहसीलदार और बरदह थानाध्यक्ष को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब ग्रामीणों की निगाह प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
