रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी की घटना में वांछित एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को ग्राम कुशमहरा स्थित सीएचसी छितुवा के पीछे प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के मामले में थाना कप्तानगंज पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 2:20 बजे थाना कप्तानगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोकशी की घटना में शामिल दो अपराधी बाइक से धरौली मोड़ कूड़ा घर कुशमहरा की तरफ आ रहे हैं और फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आरिफ उर्फ फुसी पुत्र यूनुस निवासी सारैन थाना अहरौला के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी आजाद पुत्र फिरोज निवासी मेहियापार थाना अहरौला मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर उनका वध करता था और मांस की बिक्री करता था। अपराध छिपाने के लिए पशुओं के अवशेष नदी, नालों या खेतों में फेंक दिए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक आरिफ उर्फ फुसी थाना अहरौला का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ गोवध, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।