रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह बुजुर्ग दंपत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में सनसनी फैल गई। दोनों का शव उनके कमरे में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी मुताबिक श्यामलाल (80) के चार पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। बेटी ने बताया कि तीन दिन पूर्व बुजुर्ग दंपत्ति ने परिवार के सभी सदस्यों को बुलाकर अपनी जमीन का बंटवारा कर दिया था। आरोप है कि बंटवारे के अगले दिन बड़े पुत्र और उसकी पत्नी ने किसी बात को लेकर बुजुर्ग दंपत्ति से विवाद किया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात श्यामलाल और उनकी पत्नी बसन्ता देवी (70) खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब छोटी बहू उन्हें जगाने पहुंची तो दोनों मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक दंपत्ति की पुत्री ने अपनी बड़ी भाभी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी होते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि अभी परिवार का आरोप है कि जहर खाने से दंपति की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।