
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बाकीपुर गांव में रविवार की रात एक महिला के निधन के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने के दौरान रास्ते को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए शव को ले जाने से रोक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और मामला शांत कराया।
बाकीपुर गांव निवासी रामकिशुन यादव की मां कमला देवी का रविवार रात निधन हो गया। परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे तो गांव के ही धर्मेंद्र यादव ने सरकारी रास्ते से शव ले जाने का विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख रामकिशुन यादव ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद शांत कराया। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के बाद शव को उसी रास्ते से अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।
इस मामले में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र यादव को थाने बुलाया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात कर निगरानी की जा रही है।
