रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के लालगंज-तरवां मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नरसिंहपुर गांव के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। मिली जानकारी के अनुसार बरदह थाना क्षेत्र के बाउआपार गांव निवासी 40 वर्षीय कंचन पुत्र रामजीत अपनी रिश्तेदारी में खरिहानी जा रहे थे। बताया गया कि वह इन दिनों देवगांव थाना क्षेत्र के बड़गांव स्थित अपने ससुराल पक्ष के यहां रह रहे थे। सोमवार को वह बाइक से किसी काम से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक नरसिंहपुर गांव के समीप पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कंचन गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार एक अज्ञात दंपति और उनके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।इसके अलावा देवगांव थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी 60 वर्षीय सदानंद पुत्र बुद्ध भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें लालगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।