रिपोर्ट____शिवा सिंह

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग सवा सात लाख रुपये कीमत का चोरी गया सामान बरामद किया है। आरोपियों के पास से 15 सोलर प्लेट, डिजिटल उपकरण, गैस सिलेंडर, बैटरी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। वहीं एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी के 2000 रुपये भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को ग्राम असवनिया स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों ने बरदह थाने में तहरीर देकर बताया था कि 18 मई की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालयों के ताले तोड़कर छत पर लगे सोलर प्लेट, डिजिटल बोर्ड, CPU, प्रिंटर, बैटरी, स्टेबलाइजर, LED टीवी, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम को मंगलवार रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान टाटा मैजिक वाहन में लादकर जौनपुर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने पारा मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर वाहन सहित पांच आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य सिंह निवासी कमरिया थाना तरवा, विपिन सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह, राहुल राजभर निवासी गोठाव थाना बरदह, संदीप सरोज निवासी इरनी थाना बरदह तथा रवि राव निवासी नमदारपुर थाना कन्धरापुर के रूप में हुई। पुलिस से हुई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों निखिल सिंह और छोटू उर्फ हिमांशु सिंह के साथ मिलकर असवनिया के दोनों विद्यालयों से सोलर प्लेट, इन्वर्टर, बैटरी, डिजिटल बोर्ड, LED टीवी और अन्य सामान चोरी किया था। आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए जौनपुर जा रहे थे। तलाशी के दौरान राहुल राजभर के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 2000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि यह रकम थाना तरवा क्षेत्र के सीवी इंटर कॉलेज से चोरी किए गए पैसों में बची हुई राशि है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 सोलर प्लेट, एक इंडेन गैस सिलेंडर, ओकाया बैटरी, स्टेबलाइजर, CPU, LED टीवी, दो डिजिटल बोर्ड, माउस, जूट का रस्सा, घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और 2000 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।