
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़ ब्रेकिंग
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के ही दो साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव निवासी सुनील कुमार ने मुबारकपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई सुशील कुमार 20 मई की रात अपने साथी उमाशंकर उर्फ पिन्टू यादव के साथ चार पहिया वाहन से निमंत्रण में गया था। देर रात सूचना मिली कि रानीपुर गांव जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास पंकज सिंह उर्फ सोनू सिंह, अवनीश यादव उर्फ बबलू यादव और एक अज्ञात व्यक्ति ने सुशील कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी है।मामले में मुबारकपुर थाने में हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सीडीआर, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीन रिक्रिएशन के आधार पर उमाशंकर उर्फ पिन्टू यादव और वीरेंद्र उर्फ बिन्दू यादव का नाम सामने आया। पुलिस ने सोमवार तड़के सठियांव रेलवे स्टेशन के पास से उमाशंकर यादव उर्फ पिन्टू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 400 रुपये बरामद हुए। वहीं दूसरी कार्रवाई में वीरेंद्र उर्फ बिन्दू यादव को कोढ़वा अचलपार मार्ग स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 150 रुपये बरामद हुए। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना पूर्व नियोजित थी। 20 मई की रात उमाशंकर यादव ने वीरेंद्र यादव को रानीपुर बुलाया था। गाड़ी में पहले से सुशील कुमार मौजूद था और नशे की हालत में था। आरोप है कि सुनसान रास्ते पर जमीन के लेनदेन और पैसों के विवाद को लेकर उमाशंकर ने सुशील कुमार के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी के शीशे पर भी एक फायर किया और तमंचा वीरेंद्र यादव को छिपाने के लिए दे दिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।
