रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले की बिलरियागंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छत्तीसगढ़ से ऑटो में लेकर आ रहे थे गांजा की बिलरियागंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 किलो 900 ग्राम नाजायज गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक ऑटो वाहन बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर जिलेभर में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मई 2026 को थानाध्यक्ष बिलरियागंज अमित कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ऑटो में भारी मात्रा में गांजा लेकर अंजान शहीद की तरफ से गुलवा गौरी नहर मार्ग होते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छिछोरी नहर ट्यूबेल के पास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान अमरजीत पाण्डेय निवासी गोपालगंज, बिहार तथा हरेन्द्र कुशवाहा निवासी तमकुहीराज, कुशीनगर के रूप में बताई। क्षेत्राधिकारी सगड़ी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें अमरजीत पाण्डेय के पास से 16 किलो 515 ग्राम और हरेन्द्र कुशवाहा के पास से 10 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर 26 किलो 900 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ऑटो संख्या BR28L1774 को भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा छत्तीसगढ़ से लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे। वहीं इस मामले में थाना बिलरियागंज पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई है।