
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के हरबंशपुर स्थित एक निजी कॉलेज में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता महेंद्र पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर संगठन निर्माण और कार्यकर्ता प्रशिक्षण में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। मीडिया से बातचीत में महेंद्र पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ताओं का दायित्व जनता की समस्याओं को सरकार और पार्टी नेतृत्व तक पहुँचाना तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि कार्यकर्ता बदलते समय और परिस्थितियों के अनुसार चुनौतियों को समझ सकें। उन्होंने आजमगढ़ में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को बेहद व्यवस्थित और सफल बताया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन और लोककल्याण को समर्पित बताते हुए कहा कि इन वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के साथ मजबूत हुआ है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सीटों के बंटवारे के गणित में उलझी हुई हैं, जबकि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के नाम पर भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक पहचान के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। आगे महेंद्र पांडेय ने कहा, “वो लोग सीट-सीट खेलते रहें, जनता भाजपा से कनेक्ट हो चुकी है। मजबूती से भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।” मीडिया द्वारा पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के गौहत्या संबंधी बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गौ माता के प्रति भाजपा और देश की जनता की गहरी आस्था है और पार्टी सदैव इसके लिए समर्पित रही है। वहीं पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा ने स्पष्ट नीति के साथ चुनाव लड़ा है और घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
