रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब 3 मिनट 17 सेकंड का है। वीडियो में स्ट्रीट लाइट के नीचे महिलाएं, पुरुष और बच्चे खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दो लोगों के बीच कहासुनी शुरू होती है, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल जाती है। वीडियो में एक व्यक्ति युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वहां मौजूद दो अन्य लोग भी युवक को पीटने लगते हैं।

मारपीट के दौरान युवक भी अपना बचाव करते हुए जवाब देने की कोशिश करता है। इसी बीच एक बुजुर्ग व्यक्ति लाठी लेकर पहुंचता है और युवक पर हमला कर देता है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।घटना रविवार रात की बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस पूरे मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के लिए पवई थाने को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।