रिपोर्ट______SP त्रिपाठी

आजमगढ़ ब्रेकिंग

आजमगढ़। जिले की मार्टिनगंज तहसील एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रामबचन यादव का कथित रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित घनश्याम गौतम ने आरोप लगाया कि उनके पिता बाबूराम के नाम से पक्की पैमाइश का आदेश जारी हुआ था, लेकिन पैमाइश कराने के लिए कानूनगो रामबचन यादव उन्हें लगातार तहसील के चक्कर लगवाते रहे। आरोप है कि तारीख तय होने के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और काम कराने के बदले पैसों की मांग करते रहे। घनश्याम गौतम के मुताबिक, 20 मई 2026 को कानूनगो अपनी संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उनसे ₹4000 रिश्वत ली गई। पीड़ित का दावा है कि रिश्वत लेते समय का वीडियो उनके पास मौजूद है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी दिव्या शिखरवार से किए जाने पर उन्होंने तत्काल कानूनगो को बुलाकर पीड़ित के पैसे वापस कराए। पीड़ित ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीएम का आभार जताया। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि बाद में उनसे एक कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए गए, जिसमें यह लिखा था कि वे मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पीड़ित का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ पैसे वापस लेने की नहीं, बल्कि आरोपी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की है ताकि भविष्य में किसी गरीब और मजबूर व्यक्ति को इस तरह परेशान न किया जाए। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब कथित रिश्वतखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, तो क्या प्रशासन केवल पैसे वापस कराकर मामले को शांत करने की कोशिश करेगा या भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई भी होगी।